नई दिल्ली। संसद के 14 सितंबर से शुरू हो रहे मानसून सत्र से पहले उसके अधिकारियों और कर्मचारियों की कोरोना जांच के लिए शनिवार से संसद परिसर में शिविर शुरू हो गया।शिविर के पहले दिन संसद में काम करने वाले सभी अधिकारियों से कोरोना जांच कराने के लिए कहा गया। अन्य सभी कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की कोरोना जांच के लिए शिविर मंगलवार तक जारी रहेगा।
संसद के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना जैसे लक्षणों वाले लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट कराया जाएगा, जबकि बाकी का रैपिड टेस्ट होगा। लोकसभा सचिवालय ने जांच शिविर के दौरान संसद के रिसेप्शन पर सात काउंटरों का प्रबंध किया है। सत्र से पहले सभी संसद सदस्यों से 11 सितंबर के बाद आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने का अनुरोध किया गया है। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उनका टेस्ट संसद के रिसेप्शन पर कराया जाएगा और सत्र में हिस्सा लेने के लिए उन्हें उसके रिजल्ट की प्रतीक्षा करनी होगी।

