नई दिल्ली। एक तरफ पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा ( PM Modi security Breach ) को लेकर सियासी बहस में उलझा है तो दूसरी तरफ भारतीय चुनाव आयोग ( Election Commission ) ने आज साढ़े तीन बजे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनावों ( Assembly Election 2022 ) की तारीखों का ऐलान करने की घोषणा की है। इसके लिए मीडिया इनवाइट जारी कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक इस बार यूपी में 6 से 7 चरणों में चुनाव कराया जा सकता है। साल 2017 में सात चरणों में यूपी में मतदान संपन्न हुआ था। नए नियमों की घोषणा कर सकता है EC बता दें कि कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच चुनाव आयोग ने स्वास्थ्य अधिकारियों संग कई दौर की वार्ताएं की हैं। चुनावी कार्यक्रमों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की घोषणा से पहले चुनाव आयोग ( Election Commission ) की अलग-अलग टीमों ने चुनावी राज्यों में कोविड-19 की स्थिति का जायजा भी लिया है।
ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि कुछ नए नियमों की भी घोषणा हो सकती है। इन राज्यों पर रहेगा सबसे ज्यादा जोर विधानसभा चुनाव 2022 ( Assembly Election 2022 ) यूं तो पांच राज्यों गोवा, पंजाब, मणिपुर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में होना है, लेकिन सर्वाधिक चर्चा उत्तर प्रदेश और पंजाब की हो रही है। उत्तर प्रदेश में जहां बीजेपी सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी है वहीं पंजाब में कांग्रेस को विपक्ष की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर जोर पकड़ता जा रहा है। दूसरी लहर की तरह लाखों के कोरोना के मामले सामने आने लगे हैं। कोविड मामलों के उछाल को देखते हुए कई राज्यों में पार्टियों ने रैलियां रद्द करने और जनता से वर्चुअल तरीके से जुड़ने तथा डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाने का फैसला भी किया है। चुनाव आयोग की आज की घोषणा से स्पष्ट हो सकेगा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किन तारीखों पर होंगे और इसके नतीजे कब आएंगे, जिसके बाद राज्यों में नई सरकारों का गठन होगा। साथ ही चुनाव प्रचार का तौर तरीका क्या होगा।

