आगरा, ताजगंज के कलाल खेड़िया में रविवार तड़के आटो पार्टस की दुकान में आग लग गई। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग को बुझाया। तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का माल खाक हो चुका था। व्यापारी ने दुकान में रंजिशन पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप कुछ लोगों पर लगाया है। मामले में ताजगंज थाने में तहरीर दी है।
डौकी के गांव इकतरा निवासी उदयभान सिंह की चौहान आटो पार्टस के नाम से दुकान है। उन्होंने दस दिन पहले ही दुकान यहां पर खोली है। इससे पहले बमरौली कटारा पर उनकी दुकान थी। रविवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे आसपास के लोगों ने दुकान के अंदर से लपटें निकलती देखीं। उन्होंने आग को अपने स्तर से काबू करने का प्रयास किया। व्यापारी औेर फायर ब्रिगेड को भी इसकी सूचना दे दी। वह मौके पर पहुंच गए। दो दमकलों ने आग को एक घंटे में काबू कर लिया।
आटाे पार्टस व्यापारी उदयभान ने बताया, दुकान में रखा सारा सामान खाक हो चुका था। व्यापारी के मुताबिक दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका नहीं है। क्योंकि वह लाइन को बंद करके जाते हैं। व्यापारी का आरोप है कि दुकान में कुछ लोगों ने रंजिश में पेट्रोल डालकर आग लगाई गई है। उक्त लोगों से कुछ दिन पहले उनका विवाद हुआ था। मामले में इंस्पेक्टर ताजगंज नरेंद्र सिंह ने बताया कि आटो पार्टस व्यापारी ने तहरीर दी है, जांच की जा रही है।

