उन्नाव, औरास थाना क्षेत्र के मिर्जापुर अजिगांव में रहने वाला संदीप दो साल पहले ही गांव छोड़कर काम की तलाश में लखनऊ रहने चला गया था। अभी दो साल भी नहीं बीते थे कि उसने परिवार का साथ छोड़कर दुनिया को अलविदा कह दिया। आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे में कार हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही स्वजन विलाप करने लगे और लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
यह हुई घटना
आगरा के खंदौली थानांतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार भोर पहर गलत दिशा में आ रहे कंटेनर से कार टकरा गई। हादसे के बाद डीजल टैंक फटने से कार में आग लग गई। लखनऊ से दिल्ली जा रहे कार सवार चालक समेत पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कार चालक की शिनाख्त उन्नाव के औरास के मिर्जापुर अजिगांव निवासी संदीप शर्मा पुत्र राज कुमार शर्मा के रूप में हुई है। खंदौली के थाना प्रभारी की सूचना पर औरास थानाध्यक्ष राज बहादुर ने मिर्जापुर अजिगांव पुलिस भेजकर परिजनों से पूछताछ कराई और हादसे की जानकारी दी।
गांव में छाया मातम
औरास थाना क्षेत्र के मिर्जापुर अजिगांव में रहने वालों ने बताया कि संदीप शर्मा पहले गांव में ही पत्नी सोनम और माता-पिता के साथ रहता था। वह मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का था। वह दूसरों की गाड़ियां चलाता था। दो साल पहले पत्नी और माता-पिता लेकर लखनऊ चला गया था और दुबग्गा में घर बनाकर रहने लगा था। उसने स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी और बुकिंग पर चालाता था। आगरा में हुए हादसे में संदीज की मौत की जानकारी होने पर गांव में मातम छा गया। चाचा श्रवण कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात संदीप कार लेकर गया था, जहां लखनऊ के चार लोगों को लेकर दिल्ली के लिए निकला था। गांव से स्वजन घटनास्थल और लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
