लखनऊ। कोरोना वायरस (Coronavirus) से निपटने के लिए देश में लॉकडाउन (Lockdown) का दूसरा फेज 3 मई तक लागू है। केंद्र सरकार ने 20 अप्रैल से कुछ जरूरी सेवाओं में सशर्त छूट देने के निर्देश दिए हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने 20 अप्रैल से सरकारी ऑफिस (Government Offices) को खोले जाने को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस होमगार्ड, सिविल डिफेंस, अग्निशमन, आवश्यक सेवाएं आपदा प्रबंधन, कारागार और नगर निकाय पहले की तरह ही कार्यरत रहेंगे। प्रदेश के सभी विभागाध्यक्ष, कार्यालय अध्यक्ष समूह क और ख के सभी अधिकारी कार्यालयों में मौजूद रहेंगे।
33 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
एडवाइजरी में कहा गया है कि 33 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने की व्यवस्था की जाए. रोस्टर के जरिए कर्मचारियों को दफ्तर बुलाया जा सकता है। जिला प्रशासन, ट्रेजरी के कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार कार्मिकों की शासकीय व्यवस्था करने को कहा गया है।
उत्तर प्रदेश रेजिडेंट कमिश्नर कार्यालयों को भी कोविड-19 को देखते हुए निर्देश दिया गया है कि उक्त प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए किचन संचालित किया जा सकता है। संक्रमण से प्रभावित क्षेत्रों में कार्यालयों को बंद किए जाने के संबंध में जिला प्रशासन से स्तर पर अलग से निर्णय लिया जाएगा।
यूपी में 48 जिले कोरोना वायरस से प्रभावित
प्रदेश में गुरुवार शाम तक 805 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में 82 केस पॉजिटिव मिले। जबकि दो और मौतों के साथ यह आंकड़ा 13 हो चुका है। बस्ती, मेरठ, वाराणसी, बुलंदशहर, कानपुर, लखनऊ में अब तक कोरोना से 1-1 मौत और मुरादाबाद में 2 व आगरा में 5 लोगों की मौत संक्रमण की वजह से हुई है। गुरुवार को आगरा में 18, लखनऊ 25, गाजियाबाद 1, कानपुर नगर 4, गौतम बुद्ध नगर 12 , जौनपुर 1, बागपत 1, मेरठ 4, फिरोजाबाद 2, बिजनौर 4, बदायूं 2, उन्नाव 1, कन्नौज 4 , संतकबीरनगर 1 और मैनपुरी में 2 केस पॉजिटिव मिले. अब तक कोरोना वायरस से कुल 48 जिले प्रभावित हुए हैं।
