Assam-Mizoram border dispute: अंतर-राज्यीय बॉर्डर पर हिंसक झड़प में 6 पुलिसकर्मियों की मौत, 50 घायल

admin
By admin
4 Min Read

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि कछार जिले में अंतर-राज्यीय सीमा पर मिजोरम की ओर से उपद्रवियों द्वारा गोलीबारी की गई. इस गोलीबारी में असम पुलिस के छह कर्मियों की मौत हो गई. सीमा पार से लगातार हो रही गोलीबारी के बीच जंगल में मौजूद असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कछार के SP निंबालकर वैभव चंद्रकांत समेत कम से कम 50 कर्मी गोलीबारी और पथराव में घायल हो गए हैं. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट किया, मुझे यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सीमा पार से उपद्रवियों ने उस समय अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जब दोनों पक्षों के सिविल अधिकारी मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे थे. अधिकारी ने फोन पर कहा, मैं तत्काल यह नहीं बता सकता कि कितने लोग घायल हुए हैं, लेकिन मेरा अनुमान है कि कम से कम 50 कर्मी घायल हुए. गोलीबारी में हमारे एसपी भी घायल हो गए और एक गोली उनके पैर में लगी.इतना ही नहीं जब आईपीएस अधिकारी फोन पर इस खबर की जानकारी दे रहे थे तब वह जंगल के अंदर छिपे हुए थे और पीछे से गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही थी.

दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सोमवार को असम और मिजोरम के मुख्यमंत्रियों से दोनों राज्यों के बीच चल रहे सीमा विवाद पर बात की और उनसे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा. सूत्रों के मुताबिक असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा के साथ टेलीफोन पर अलग-अलग बातचीत के दौरान शाह ने उनसे अंतरराज्यीय सीमा पर शांति बनाए रखने को कहा.

गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि सीमा विवाद को आपसी सहमति से हल करें. दोनों मुख्यमंत्रियों ने गृह मंत्री को आश्वासन दिया है कि शांति सुनिश्चित करने और सीमा मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. सूत्रों ने कहा कि दोनों राज्यों के पुलिस बलों के विवादित स्थल से लौटने की उम्मीद है. हालांकि संघर्ष के बाद विवादित असम-मिजोरम सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई. दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच सोमवार को ट्विटर पर वाकयुद्ध छिड़ गया.

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *