लखनऊ । उत्तर प्रदेश में शादी का झांसा देकर जबरन धर्मांतरण पर अंकुश लगाने संबंधी कानून के मसौदे पर योगी कैबिनेट में मुहर लग गई। धर्मांतरण की घटनाओं को रोकने के लिए योगी सरकार ने मंगलवार को बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट की बैठक में इसे आज पेश किया गया। गृह विभाग ने इसका मसौदा पहले तैयार कर लिया था। इसको परीक्षण के लिए विधायी विभाग को भेज दिया गया था। अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने इसकी पुष्टि की है।
यूपी में योगी सरकार ने Love Jihad पर विराम लगाने के लिए अध्यादेश को मंजूरी दे दी है। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में अध्यादेश पास किया गया। बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ऐलान किया था कि हम लव जिहाद पर नया कानून बनाएंगे, ताकि लालच, दबाव, धमकी या शादी का झांसा देकर शादी की घटनाओं को रोका जा सके।
योगी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने बीते दिनों कहा था कि यूपी में अब ये नहीं चलेगा कि मिशन की तरह लड़कियों को बहलाकर धर्म परिवर्तन कराया जाए। ये उन जिहादियों को कड़ा संदेश है, जो इसकी आड़ में धर्म परिवर्तन करवा रहे हैं. ऐसे लोगों को जेल में डालने की पूरी तैयारी है।
लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने की बात सबसे पहले सीएम योगी ने यूपी के देवरिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कही थी। उन्होंने कहा था कि जैसा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अपने एक फैसले में साफ कहा है कि महज शादी करने के लिए किया गया।
धर्म परिवर्तन अवैध होगा। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार इस बाबत सख्त प्रावधानों वाला कानून लाएगी और फिर ऐसी हरकत करने वालों का राम नाम सत्य ही होगा। उनके इस ऐलान के साथ ही बीजेपी शासित अन्य राज्यों में भी लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने की मांग उठने लगी।
लव जिहाद : जिहाद शब्द का अर्थ इस्लाम में धर्म की रक्षा के लिए युद्ध करना जैसा है। इस समय चल रहा Love Jihad शब्द एक गढ़ा हुआ है। इस शब्द युग्म का मतलब शादी या प्रेम का झांसा देकर धर्म परिवर्तन करवाने से समझा जाता है। कथित रूप से मुस्लिम पुरुषों द्वारा गैर-मुस्लिम समुदायों से जुड़ी महिलाओं को इस्लाम में धर्म परिवर्तन के लिए प्रेम का नाटक करना।

