Petrol-Diesel Price In Cut Maharashtra । महाराष्ट्र की तत्कालीन एकनाथ शिंदे सरकार ने जनता को सबसे पहली और बड़ी सौगात दी है। महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों से राज्य की जनता को थोड़ी राहत प्रदान की है। सीएम एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एलान किया कि राज्य में पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 3 रुपये कम किये जाएंगे। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार पर 6 हजार करोड़ रुपये का बोझ आएगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि वह जनता के “सेवक” हैं और उनकी सरकार महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उसके प्रत्येक नागरिक का कल्याण करने के लिए प्रतिबद्ध है। शिंदे ने कहा कि अब हमारी सरकार के गठन के बाद से लोगों के कल्याण के लिए निर्णय लिए जा रहे हैं, जिन्हें ढाई साल पहले ही लिया जाना चाहिए था।
इसके आगे उन्होंने कहा कि इसके लिए 50 विधायकों (उनके समर्थन में बगावत करने वाले) को एकजुट होकर एक रुख अपनाना पड़ा।
जानकारों के अनुसार मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की मंगलवार को की गई घोषणा के ऊप्पर की है; जिसमें उन्होंने पार्टी की ओर से भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही थी।
गुरु पूर्णिमा के मौके पर दिवंगत शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे और अपने राजनीतिक गुरु आनंद दीघे को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद ठाणे स्थित आनंद आश्रम में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए शिंदे ने यह घोषणा की है।
आपको याद होगा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार ने हाल में कहा था कि उनकी इच्छा है कि आगामी चुनाव शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के तौर पर साथ में लड़े। इस प्रश्न के पूछे जाने पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, “पवार बड़े नेता हैं। मेरे पाले में 50 विधायक हैं, जो मौजूदा समय में (भाजपा के साथ) गठबंधन में भी हैं। हम सभी राज्य के विकास के लक्ष्य को लेकर बढ़ रहे हैं और हम राजनीति में नहीं पड़ना चाहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “मेरी सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि राज्य के लोगों के जीवन-व्यापन में सुधार हो सके। आगे उन्होंने कहां कि प्रदेश के नागरिकों को ऐसा एहसास होना चाहिए कि यह उनकी सरकार है और मैं उनका ‘सेवक’ हूं और मरते दम तक रहूंगा। मैं दिवंगत शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे और गुरु आनंद दीघे के दिखाए रास्तों पर और उनके सिद्धांतों का अनुपालन करते हुए आगे बढूंगा।”
