डेस्क। देश में 2021 के दौरान 1.64 लाख से अधिक लोगों ने आत्महत्या की और औसतन 450 लोगों की मौत प्रतिदिन और 18 लोगों की मौत हर घंटे पर दर्ज की गई है। बता दें कि आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। वहीं किसी भी कैलेंडर वर्ष के लिए यह अब तक का सबसे उच्चतम आत्महत्या का आंकड़ा रहा है।
वहीं राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की ‘एक्सीडेंटल डेथ्स एंड सुसाइड्स इन इंडिया – 2021’ की रिपोर्ट के आंकड़ों की माने तो आत्महत्या करने वाले लोगों में लगभग 1.19 लाख पुरुष और 45,026 महिलाएं और 28 ट्रांसजेंडर लोग शामिल रहे। इन आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 महामारी से पहले के वर्षों की तुलना में 2020 और 2021 में आत्महत्या के मामलों में काफी तेजी से वृद्धि हुई है।
गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले एनसीआरबी के आंकड़ों की माने तो 2020 में देशभर में 1.53 लाख लोगों ने आत्महत्या की है।
वहीं इस रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि 2019 में आत्महत्या करने वालों की संख्या 1.39 लाख थी, 2018 में यह 1.34 लाख, 2017 में 1.29 लाख जबकि 2020 और 2021 में यह संख्या बढ़कर 1.50 लाख से अधिक हो गई थी। बता दें कि एनसीआरबी 1967 से आत्महत्या के मामलों में आंकड़ों का संकलन कर रहा है ।
