Savarkar vs Tipu Sultan: कर्नाटक के शिवमोगा में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कुछ ऐसा हुआ जिसने सबको चिंता में डाल दिया। बता दें शहर के अमीर अहमद सर्कल पर हिंदूवादी संगठनों ने वीर सावरकर की तस्वीर लगा दी जिसके कुछ व्यक्त बाद वहां टीपू सुल्तान सेना का झंडा लेकर कुछ मुस्लिम युवक पहुंच गए और उन्होंने इस तस्वीर को हटाने की कोशिश की।
इसी कड़ी में हिंदू और मुस्लिम युवकों के बीच इस बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई जिसके बाद मौके पर पुलिस ने पहुँच कर मामले को संभाला। पुलिस ने पहले मुस्लिम युवकों को वहां से खदेड़ा साथ ही चौराहे पर लगी वीर सावरकर की तस्वीर को भी हटा दिया। जिसे लेकर हिंदू संगठन के लोग सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लग गए।
वीर सावरकर की तस्वीर को लेकर अब शिवमोगा में तनावपूर्ण हालात हैं। पुलिस ने शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए तत्काल प्रभाव से धारा 144 लागू कर दी है और इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि अमीर अहमद सर्कल पर हुए विवाद में दो गुट आमने-सामने आ गए और लोगों को तितर-बितर करने के लिये उन्हें लाठी चार्ज भी करना पड़ा। वहीं एक गुट अभी भी सर्कल पर अपना विरोध कर रहा है। जिन्हें वहां से हटाने की कोशिश जारी है। धारा 144 लागू कर दी गई है। किसी भी भीड़ या लोगों को यहां जमा होने की इजाजत अब नहीं है। अधिकारी ने बताया कि अगले दो दिन के लिए दोनों इलाकों में कर्फ्यू भी लागू किया गया है।
इस घटना के बाद ही शिवमोगा में प्रेम सिंह नाम के 26 साल के एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है जो घटना शहर के गांधी बाजार इलाके की है। पुलिस की माने तो मुताबिक कुछ अज्ञात हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
हालांकि इस बात की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है कि प्रेम सिंह पर हमले का कारण सावरकर की तस्वीर को ले कर उपजा विवाद था या इस हमले की कोई अन्य वजह रही। बता दें कि गांधी बाजार की दूरी अमीर अहमद सर्कल से 3-4 किलोमीटर की है।
पुलिस हमलावरों की तलाश में है और अधिकारियों का कहना है कि अभी मामले की जांच जारी है।
इलाके में तनाव बढ़ने के बाद राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र भी शिवमोगा पहुंचे और स्थिति को लेकर गंभीर दिखे। बता दें कि सावरकर का बैनर चौराहे से हटाने को लेकर हिन्दू संगठन काफी नाराज हैं और प्रदर्शन तेज करने की बात भी कह रहे हैं।
