कोरोना: कोविड-19 की एक और वैक्सीन जल्द आ सकती है

admin
By admin
2 Min Read

भारतीय फार्मा कंपनी वॉकहार्ट (Wockhardt) एक अज्ञात Covid-19 वैक्सीन के लिए एक बड़े उत्पादन सौदे की घोषणा करने के लिए तैयार है। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वॉकहार्ट के चेयरमैन डॉ. हाबिल खोराकीवाला ने एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के दौरान कहा कि इस अज्ञात वैक्सीन को लेकर औपचारिक घोषणा दो सप्ताह में होने वाली है और वैक्सीन का उत्पादन अक्टूबर में शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी सालाना 50 करोड़ खुराक बनाने में सक्षम होगी।

वैक्सीन की उपलब्धता पर वॉकहार्ट चेयरमैन का कहना है कि हमारी व्यवस्था वैक्सीन के प्रिंसिपल इनोवेटर के साथ कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर के तौर पर है। हम उन्हें इसकी आपूर्ति करेंगे और वे इसे भारत में पेश करेंगे। इसकी कीमत भी वही तय करेंगे।

वैक्सीन की किल्लत के बीच महत्वपूर्ण साबित हो सकता है यह सौदा

इस वक्त देश भर में कोविड19 वैक्सीन की किल्लत चल रही है। ऐसे में वॉकहार्ट का यह सौदा महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। विशेषज्ञ बार-बार इस बात पर जोर दे चुके हैं कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर से बचने का एकमात्र तरीका टीकाकरण में तेजी लाना है। देश ने अब तक 3 फीसदी से अधिक आबादी का टीकाकरण किया है, और उसे लगभग 2.5 अरब वैक्सीन डोज की आवश्यकता है। इसके अलावा बच्चों का वैक्सिनेशन भी जल्द से जल्द करने की जरूरत है क्योंकि कई लोगों का कहना है कि कोविड19 की तीसरी लहर में बच्चे प्रमुख टार्गेट होंगे।

अभी भारत में तीन कोविड19 वैक्सीन मौजूद

वर्तमान में भारत में कोरोनावायरस की तीन वैक्सीन उपलब्ध है। इनमें से एक सीरम इंस्टीट्यूट (SII) की कोविशील्ड (Covishield) है। बाकी दो वैक्सीन भारत बायोटेक (Bharat Biotech) की स्वदेश में विकसित कोवैक्सीन (Covaxin) और रूस की Sputnik V हैं। इसके अलावा सरकार ने हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई से एक नई कोविड वैक्सीन की 30 करोड़ डोज बुक की हैं। यह वैक्सीन अभी क्लीनिकल ट्रायल के तीसरे चरण में है, हालांकि पहले दो चरणों में वैक्सीन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। बायोलॉजिकल-ई की वैक्सीन, भारत में विकसित दूसरी वैक्सीन होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *