डेस्क। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद पूर्वी यूरोप में फंसे अपने देश के छात्रों को बचाने के कारण से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में की गई पहल की काफी सराहना की है।
वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ एक साक्षात्कार में प्रधानमंत्री हसीना ने मोदी सरकार के वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम की भी तरीफ की जिसके द्वारा पड़ोसी देशों को कोविड-19 वैक्सीन प्रदान की जा रही थी।
दूसरी ओर पीएम हसीना ने दोनों पड़ोसियों के बीच घनिष्ठ सहयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि मतभेद हो सकते हैं लेकिन बातचीत के जरिए इसका समाधान अवश्य निकाला जाता है। उन्होंने यह बताया कि कई क्षेत्रों में भारत और बांग्लादेश ने ठीक वैसा ही किया भी है।
प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खूब तारीफे की। उन्होंने यह कहा कि भारत सरकार के समर्थन से बांग्लादेशी नागरिकों को बहुत मदद मिली है। वहीं उन्होंने कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन से बांग्लादेश के छात्रों को बाहर निकालने के लिए उन्होंने हमारी काफी मदद की।
साथ ही हसीना ने कहा, “मैं वास्तव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपनी तरफ से धन्यवाद व्यक्त करना चाहती हूं। क्योंकि उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच इस युद्ध के दौरान हमारे कई छात्रों को भारतीय छात्रों के साथ वहां से निकालने का काम किया। भारत ने संकट के समय में दोस्ती दिखाई। मैं इस पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बहुत धन्यवाद देती हूं।”
