एग्जाम देने पहुंचे चौटाला ने मीडिया के सवालों को टालते हुए कहा, स्टूडेंट, मीडिया से बात नहीं करते, आई एम स्टूडेंट

admin
By admin
2 Min Read

सिरसा

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला (Om Prakash Chautala) बुधवार को 10वीं कक्षा के अंग्रेजी (English) का पेपर देने सिरसा के आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे. ओम प्रकाश चौटाला का दसवीं कक्षा में अंग्रेजी विषय का पर्चा उत्तीर्ण नहीं हुआ था. इस वजह से उनका बारहवीं का परीक्षा परिणाम रोक लिया गया था. पेपर लिखने में परेशानी के चलते उन्होंने राइटर की मांग की थी, जिसे बोर्ड ने मंजूर कर लिया था. 9वीं क्लास की एक छात्रा ने परीक्षा देने में उनकी मदद की. शिक्षा विभाग ने नियम के मुताबिक लड़की को बतौर राइटर उन्हें उपलब्ध कराया था.

पूर्व मुख्यमंत्री की परीक्षा के चलते आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एग्जाम सेंटर में विशेष प्रबंध किए गए थे. मीडिया को परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया गया था. जबकि परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस तैनात की गई थी. एग्जाम देने पहुंचे चौटाला ने मीडिया के सवालों को यह कहते हुए टाल दिया कि स्टूडेंट, मीडिया से बात नहीं करते, आई एम स्टूडेंट.

बता दें कि हाल ही में जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में सजा पूरी कर तिहाड़ जेल से बाहर आये ओम प्रकाश चौटाला पहले से ही सियासी परीक्षा देने में जुटे हैं. कभी प्रदेश की राजनीति के शीर्ष पर रही उनकी पार्टी वर्तमान में कमजोर स्थिति में है. उनके बेटे अभय चौटाला के इस्तीफा देने के बाद विधानसभा में इनेलो का कोई विधायक नहीं है. ऐसे में वो पार्टी को पुनः मजबूती देने का प्रयास कर रहे हैं.

चौटाला बोले- ‘मैं छात्र हूं’

बता दें कि पूरक परीक्षा के लिए चौटाला को सिरसा के आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कमरा नंबर 13 आवंटित किया गया था. वह परीक्षा केंद्र से मुस्कुराते हुए निकले लेकिन स्कूल के बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों से बातचीत करने से बचते रहे. उन्होंने केवल इतना कहा, ‘मैं एक छात्र हूं, कोई टिप्पणी नहीं.’

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *