नई दिल्ली, जयपुर । पाली सांसद पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री और विदेश मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष पी.पी. चौधरी ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन को पत्र लिख कर अपने संसदीय क्षेत्र पाली में एम्स सेन्टर फॉर रूरल हेल्थ की स्थापना के लिए अनुरोध किया है।
चौधरी ने पत्र में लिखा है कि पाली के ग्रामीण इलाक़ों में बेहतर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तथा व्यवस्था की भारी कमी होने के कारण लोगों को संबंधी अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया कि जोधपुर स्थित एम्स संस्थान द्वारा समग्र ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा परियोजना के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्र में सेन्टर फॉर रूरल हेल्थ स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इस सेन्टर के माध्यम् से एम्स में कार्यरत डाक्टरों व अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं को ग्रामीण क्षेत्र में प्रशिक्षण हेतु उक्त सेन्टर पर भेजे जाने के साथ-साथ उस क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है।
चौधरी ने केन्द्र सरकार से आग्रह किया कि सेन्टर फॉर रूरल हेल्थ की स्थापना पाली संसदीय क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े जोधपुर-नागौर रोड़ पर की जानी चाहिए ताकि जोधपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र विशेषकर भोपालगढ़, औसियां विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इसकी चिकित्सकीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।
चौधरी ने आशा जताई कि शीघ्र ही पाली संसदीय क्षेत्र में यह सेन्टर स्थापित किया जाएगा और पीड़ित लोगों को इस सेन्टर पर इन्डोर व आऊट डोर मरीज सेवाओं के साथ ही ऑपरेशन थियेटर, वेक्सीनेशन व एम्बूलेंस आदि चिकित्सा सुविधाए उपलब्ध हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि सांसद चौधरी इससे पहले भी स्वास्थ्य मंत्रालय से इस बारे में अनुरोध कर चुके है।



