जहानाबादः शहर के नामचीन स्वीट्स कारोबारी अभिराम शर्मा की जहानाबाद में और उनके भतीजे दिनेश शर्मा की मसौढ़ी में अपराधियों ने गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया. अभिराम शर्मा को अपराधियों ने जहानाबाद में उनके आवास पर गोली मारी जबकि भतीजे को मसौढ़ी के गांधी मैदान गेट के पास गोलियों से छलनी कर दिया. बिहार के जहानाबाद और पटना से सटे मसौढ़ी में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मंगलवार की सुबह-सुबह हत्या हो गई. दोनों रिश्ते में चाचा और भतीजा लगते थे.
जहानाबाद में अभिराम शर्मा की हत्यारों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. सबसे हैरान करने वाली बात है कि जहानाबाद में जिस जगह पर स्वीट्स एवं जमीन कारोबारी को गोली मारी गई उससे चंद कदम की दूरी पर ही जिले के डीएम और एसपी का आवास है. इधर शहर के चर्चित स्वीट्स कारोबारी की सुबह-सुबह हुई हत्या से शहर में सनसनी फैल गई.
जहानाबाद में डबल ‘मर्डर’. CCTV VIDEO बिहार में सुबह-सुबह 2 लोगों की हत्या, एक ही परिवार के सदस्य थे दोनों, चाचा को जहानाबाद तो भतीजे को मसौढ़ी में मारी गोली. जहानाबाद से रंजीत राजन की रिपोर्ट. Edited by @iajeetkumar pic.twitter.com/mQKW6AsD9n
— Prakash Kumar (@kumarprakash4u) April 26, 2022
घर की प्रत्यक्षदर्शी महिला सदस्य ने बताया कि दो अपराधी शादी का कार्ड देने के बहाने कमरे में आए और सिर में गोली मारकर चलते बने. जब तक वे कुछ समझतीं उसके पहले ही बदमाश फरार हो गए. इस दौरान अपराधियों की तस्वीरें घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सहित बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई है. जहानाबाद में लोग शव को डीएम आवास से थोड़ी दूर आगे रखकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. एनएच-83 को जाम कर दिया है. जहानाबाद और पटना के मसौढ़ी में सुबह-सुबह हत्या का एंगल तलाशने में पुलिस जुटी है.

