Draupadi Murmu Oath : पारंपरिक संथाली साड़ी में नज़र आ सकती है द्रौपदी मुर्मू, CJI दिलाएंगे शपथ

admin
By admin
4 Min Read

 

Draupadi Murmu Oath : सोमवार को द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेने वाली हैं। बता दें आज द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बनेंगी। आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और इस शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू।

द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला भी हैं। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम सोमवार को सुबह करीब सवा 10 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में शुरू होगा, जहां प्रधान न्यायाधीश एनवी रमणा उन्हें राष्ट्रपति पद के लिए शपथ दिलाएंगे। 

इसके बाद द्रौपदी मुर्मू को 21 तोपों के द्वारा सलामी दी जाएगी। जिसके बाद राष्ट्रपति का संबोधन शुरू होगा। समारोह से पहले, निवर्तमान राष्ट्रपति और निर्वाचित राष्ट्रपति दोनों ही संसद भवन पहुंचेंगे।

उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी इस समारोह में शामिल होने वाले हैं।

इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति, ‘राष्ट्रपति भवन’ के लिए रवाना होंगी, जहां उन्हें एक ‘इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति का शिष्टाचार सम्मान भी किया जाएगा।

बता दें कि मुर्मू ने गुरुवार को विपक्षी दलों के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर इतिहास के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। मुर्मू को सांसदों और विधायकों के 64 प्रतिशत से अधिक वोट मिले और वो भारी मतों के अंतर से चुनाव जीती। मुर्मू को सिन्हा के 3,80,177 वोटों के मुकाबले 6,76,803 वोट मिले थे।

आजाद भारत के 75 साल के इतिहास में पिछले डेढ़ दशक को महिलाओं के लिए खास तौर से विशेष कहना गलत नहीं होगा। जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने वाली महिलाएं इस दौरान देश के शीर्ष संवैधानिक पद तक पहुंचने में कामयाब रहीं और 2007 में प्रतिभा देवी सिंह पाटिल के देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनने का गौरव हासिल करने के बाद अब द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना देश के लिए गौरान्वित करने वाली बात होगी साथ ही यह भारत की लोकतांत्रिक परंपरा की एक सुंदर मिसाल भी कायम करेगा।

पारंपरिक संथाली साड़ी में नज़र आ सकती है मुर्मू

द्रौपदी मुर्मू सोमवार पारंपरिक संथाली साड़ी पहन कर शपथ ग्रहण में आ सकती हैं। बता दें कि मूर्मू की भाभी सुकरी टुडू पूर्वी भारत में संथाल समुदाय की महिलाओं द्वारा पहनी जाने वाली एक खास साड़ी लेकर दिल्ली पहुँच रहीं हैं। भाभी सुकरी अपने पति तारिणीसेन टुडू के साथ शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना चुकी हैं। उन्होंने कहा है कि, ‘मैं दीदी के लिए पारंपरिक संथाली साड़ी ला रही हूं। और उम्मीद करती हूं कि वह शपथ ग्रहण समारोह के दौरान इसे जरूर पहनेंगी। 

बता दें कि संथाली साड़ियों के एक छोर में कुछ धारियों का काम होता है और संथाली समुदाय की महिलाएं इसे खास मौकों पर जरूर पहनती हैं साथ ही संथाली साड़ियों में लम्बाकार में एक समान धारियां होती हैं और दोनों छोरों पर एक जैसी डिजाइन बनी हुई होती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *