भाजपा की पूर्व महिला पार्षद की घर के सामने सरेआम कर दी निर्मम हत्या

admin
By admin
4 Min Read

बेंगलुरु में भाजपा की पूर्व पार्षद की सरेआम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि इस वारदात को बाइक सवार बदमाशों ने उनके ही घर के सामने अंजाम दिया। पुलिस का अनुमान है कि हत्या की वजह रंजिश हो सकती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 
 
जानकारी के मुताबिक, वृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) की पूर्व भाजपा पार्षद रेखा कादिरेश (46) की गुरुवार (24 जून) को कॉटनपेट में उनके घर के सामने हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद रेखा कादिरेश को केंपे गौड़ा आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। 
 
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एस मुरुगन ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे रेखा फूड किट बांट रही थीं। उस दौरान दो मोटरसाइकिलों पर कुछ युवक आए। उन्होंने धारदार हथियार से रेखा पर 17 बार वार किए, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गईं। पुलिस का कहना है कि हमारी जांच चल रही है। जल्द ही हम अपराधियों को गिरफ्तार कर लेंगे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्व पार्षद के घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों का मुंह दूसरी दिशा में कर दिया गया था, जिससे वहां होने वाली किसी घटना को कैमरे में कैद नहीं किया जा सके।
 
बताया जा रहा है कि सात फरवरी 2018 को दो युवकों ने रेखा के पति कादिरेश की हत्या कर दी थी। हालांकि, हमलावरों ने बाद में आत्मसमर्पण भी कर दिया था। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, रेखा ने 2015-20 के दौरान एक बार चलवाडिपल्या वॉर्ड का प्रतिनिधित्व किया था। रेखा की हत्या पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त कमलपंत से बात की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उनके पति की नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई थी। अब उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। हम कड़ी कार्रवाई करेंगे और 24 घंटे के अंदर हत्यारों को गिरफ्तार करेंगे।
 
इस घटना से भाजपा नेता और पूर्व पार्षद एनआर रमेश ने चामराजपेट में कानून व्यवस्था न होने का आरोप लगाया, जिसके बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। बता दें कि चामराजपेट का प्रतिनिधित्व कांग्रेस विधायक बीजेड जमीर अहमद खान करते हैं। रमेश ने कहा बताया कि पार्टी ने रेखा को आगामी बीबीएमपी चुनाव में दोबारा उतारने का फैसला किया था।
कांग्रेस विधायक ने लगाया यह आरोप

रमेश के आरोप पर जमीर अहमद खान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक बात है कि ऐसे आरोप लगाए गए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह भाजपा सरकार की विफलता है, जो इस हत्या को रोक नहीं पाई। रेखा मेरी बहन जैसी थी। भले ही वह भिन्न राजनीतिक दल की रही हों, लेकिन हम परिवार की तरह थे, क्योंकि हम अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करते थे।’ 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *