बिहार में वैक्सीन की कमी से महाभियान पर लगा ब्रेक

admin
By admin
4 Min Read

पटना : छह महीने में छह करोड़ लोगों के टीकाकरण के महाभियान के प्रारंभिक दौर में प्रदेश में टीके की किल्लत हो गई है। प्रति दिन जहां सवा तीन लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण होना है, वहां दो-सवा दो लाख लोगों का टीकाकरण ही गुरुवार तक को पाया। इसके बाद टीकाकरण की गति और कम हुई है। सरकार का दावा है कि सोमवार से अभियान में पुन: गति आएगी। इससे पहले रविवार को रात नौ बजे तक सूबे में सिर्फ 31028 लोगों का टीकाकरण किया गया। 

जून में मिली 24 लाख डोज

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सूबे को जून में केंद्र सरकार से कुल 23.65 लाख टीके मिले थे। इन डोज के अलावा बीते गुरुवार को सूबे को और 44 हजार डोज प्राप्त हुई थी। एक दिन में 7.29 को लगाए गए टीके : 21 जून को प्रदेश सरकार ने टीकाकरण का महाभियान प्रारंभ किया। इसके पहले 18 जून तक प्राप्त डोज में से करीब 12.50 लाख डोज अलग-अलग उम्र के लोगों को दी जा चुकी थी। महाभियान के पहले दिन 7.29 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया। इसके बाद सूबे में जो टीके बचे उनसे 26 जून तक टीकाकरण किया। 

टीके  की कमी से अभियान प्रभावित

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो टीके की कमी से कई जिलों में महाभियान की गति को ब्रेक लगा है। शनिवार को दर्जन भर जिलों में हजार से भी कम लोगों का टीकाकरण किया गया। कुछ जिले तो ऐसे हैं जहां के टीकाकरण केंद्रों पर एक भी डोज उपलब्ध नहीं थी। 

शनिवार को सर्वाधिक टीके पटना में

विभाग के सूत्रों ने बताया कि शनिवार को सर्वाधिक टीके पटना जिले में दिए गए। पटना में करीब 28 हजार लोगों का टीकाकरण हुआ, जबकि भागलपुर, मुजफ्फरपुर में 10-10 हजार से कम और गया-मधुबनी में साढ़े सात से साढ़े आठ हजार लोगों को ही वैक्सीन मिल पाई। 

मंत्री बोले, आज से आएगी गति

टीके की कमी पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि जून में देश में ही कम टीके की उत्पादन हुआ था। 12 करोड़ टीकों का उत्पादन हुआ। जुलाई महीने में 17 करोड़ टीके का उत्पादन होगा। बिहार को उत्पादन के अनुपात में टीके प्राप्त होंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि सोमवार से टीकाकरण अभियान में गति आएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार ने छह महीने में छह करोड़ लोगों के टीकाकरण का जो लक्ष्य हासिल किया है उसे हर हाल में प्राप्त किया जाएगा। 

आठ जिलों में नहीं हुआ टीकाकरण

कोविन पोर्टल के अनुसार रविवार को सूबे में नौ बजे रात तक सिर्फ 31,028 लोगों का टीकाकरण किया गया। मधेपुरा, सहरसा, अरवल, सीतामढ़ी, शेखपुरा, बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा में एक भी डोज लोगों को नहीं दी गई। जहानाबाद, रोहतास, समस्तीपुर, मुंगेर आदि जिलों में 10 से लेकर सिर्फ 50 लोगों का टीकाकरण ही हो पाया। पटना जिले में सर्वाधिक 4,873 लोगों का टीकाकरण हो पाया। आंकड़े कोविन पोर्टल से लिए गए हैं। 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *