यूपी में भी जारी कांग्रेस की आंतरिक कलह, उठ रही प्रियंका के इस्तीफे की मांग

admin
By admin
2 Min Read

डेस्क। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जीशान हैदर ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से यूपी प्रभारी के पद से इस्तीफ़ा देने की मांग की है। उन्होंने पुराने चुनावो का हवाला देते हुए सोनिया गांधी को भेजे पत्र में कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही प्रभारी महासचिव के भी इस्तीफा देने की परंपरा रही है।

जीशान ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की हार का ठीकरा सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष के ऊपर फोड़ना अनुचित है। जब भी कांग्रेस विधानसभा चुनाव हारी है, तब प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष दोनों ने साथ में इस्तीफा दिया है।

वर्ष 2012 के चुनाव में हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी और प्रभारी दिग्विजय सिंह ने इस्तीफा दिया था। उस चुनाव में मत प्रतिशत के साथ सीटें भी बढ़ी थीं। साथ ही वर्ष 2017 का चुनाव हारने के बाद राज बब्बर और गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफा दिया था। तो इस बार प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही प्रभारी से भी इस्तीफा मांगा जाना चाहिए। उन्होंने पत्र में यह भी लिखा है कि प्रियंका गांधी के प्रभारी रहने पर उनकी वही पुरानी टीम सक्रिय रहेगी, जिनकी वजह से 387 सीटों पर पार्टी की जमानत जब्त हुई है।

आपको बता दें कि विधानसभा चुनावो में मिली हार के बाद से ही नेता जीशान हैदर लगातार प्रियंका गांधी की टीम के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वहीं, जीशान का कहना है कि वह एआईसीसी के सदस्य हैं। लिहाजा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उन्हें निष्कासित करने का अधिकार ही नहीं है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *