Manipur Violence: मैं आप पर तब यकीन करूंगी जब पीएम मोदी

admin
By admin
3 Min Read

Manipur Violence: मणिपुर हिंसा को लेकर संसद में हंगामे के बीच विपक्षी दलों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के दौरे पर गया है. जिसमें तमाम दलों के बड़े नेता शामिल हैं. इसे विपक्षी गठबंधन INDIA की सरकार को घेरने के लिए एक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. इसी बीच नेताओं के बीच भी जुबानी जंग लगातार जारी है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नॉर्थ-ईस्ट में गए विपक्षी सांसदों से कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किए गए विकास को जरूर देखें. इस पर शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने उन्हें जवाब दिया. 

चिदंबरम पर रिजिजू ने साधा निशाना
दरअसल विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल को लेकर मोदी सरकार के मंत्री लगातार हमलावर हैं, विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया जा रहा है. इसी बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के एक ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “मैं पी.चिदंबरम जी को जमीनी हकीकत दिखाने के लिए नॉर्थ-ईस्ट ले जाना चाहता हूं. नरेंद्र मोदी जी ने पिछले 9 वर्षों के दौरान उत्तर-पूर्व में उससे ज्यादा हवाई अड्डे और हेलीपोर्ट बनाए हैं, जितने कांग्रेस सरकार ने 6 दशकों में बनाए थे!” पी चिदंबरम ने ट्विटर पर सरकार के उस दावे पर सवाल उठाए थे, जिसमें पिछले 7 साल में 74 एयरपोर्ट बनाने की बात कही गई थी. 

शिवसेना नेता ने दिया जवाब
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने जवाब तो पी चिदंबरम को दिया था, लेकिन उनके ट्वीट पर शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने रिप्लाई दिया. जिसमें उन्होंने लिखा, “मैं आप पर तभी यकीन करूंगी जब माननीय प्रधानमंत्री या फिर कोई कोई कैबिनेट मंत्री दिल्ली से मणिपुर के इंफाल पहुंच जाएंगे.
(आपकी जानकारी के लिए, मणिपुर उत्तर पूर्व का एक महत्वपूर्ण राज्य है जो लगभग 90 दिनों से जल रहा है.)”

प्रतिनिधिमंडल में ये नेता हैं शामिल 
विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल में अधीर रंजन चौधरी और लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई के अलावा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सुष्मिता देव, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माजी, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की कनिमोई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पी पी मोहम्मद फैजल, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के जयंत चौधरी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मनोज कुमार झा, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के एन के प्रेमचंद्रन और वीसीके से टी. तिरुमावलावन और डी रविकुमार शामिल रहे. जनता दल (यूनाइटेड) के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और अनिल प्रसाद हेगड़े, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संदोश कुमार, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के ए ए रहीम, सपा के जावेद अली खान, आईयूएमएल के ई टी मोहम्मद बशीर, आम आदमी पार्टी (आप) के सुशील गुप्ता और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अरविंद सांवत जैसे विपक्षी नेता शामिल हैं. 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *