नई दिल्ली। निजामुद्दीन मरकज से फरार मौलाना साद ने शनिवार को अपने वकील के माध्यम से क्राइम ब्रांच को भेजे जवाब में कहा कि वह कोरोना वायरस के खतरे के कारण फिलहाल आइसोलेशन में हैं। 14 दिन पूरे होने के बाद वे क्राइम ब्रांच के 26 सवालों के जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल मरकज बंद है। इसके खुलने के बाद ही वे सवालों के जवाब देंगे।
मरकज से निकलकर देशभर में गए जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार के कहने पर क्राइम ब्रांच ने यहां जमात के आयोजक मौलाना साद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मौलाना के फरार होने के बाद क्राइम ब्रांच ने उनके वकील को नोटिस देकर लापरवाही बरतने पर 26 सवाल पूूछे हैं। इनके जवाब में छिपे बैठे मौलाना ने वकील के माध्यम से कहा कि वह आइसोलेशन में हैं। क्राइम ब्रांच मौलाना के संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है।
क्राइम ब्रांच की एक टीम शनिवार को निजामुद्दीन मरकज पहुंची और साक्ष्य जुटाए। 4 घंटे तक चली जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने सीसीटीवी फुटेज से लेकर हर उस साक्ष्य को जब्त कर लिया, जो मौलाना की करतूत उजागर करेगा। इसके बाद टीम निजामुद्दीन थाने पहुंची, जहां तब्लीगी जमात के आयोजन से जुड़े सभी दस्तावेज को खंगाला। टीम ने थाना पुलिस की ओर से की गई कागजी कार्यवाही के दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए। इसमें मरकज की फुटेज भी है।
