भगवान कृष्ण पर मोरारी बापू ने की थी विवादास्पद टिप्पणी, मोरारी बापू पर हमले का प्रयास

0
8

[object Promise]

अहमदाबाद । राम कथा वाचक मोरारी बापू पर भाजपा के पूर्व विधायक पबुभा माणेक ने हमले का प्रयास किया। भगवान श्रीकृष्‍ण व बलराम पर एक विवादित बयान के बाद से कृष्‍ण भक्‍त बापू से नाराज थे। विवाद को शांत कराने के इरादे से ही बापू द्वारिका पहुंचे थे। द्वारका जगत मंदिर में दर्शन के बाद मोरारी बापू भाजपा सांसद पूनम माडम के साथ पत्रकार वार्ता करने बैठे थे इसी दौरान पूर्व विधायक पबुभा माणेक वहां पहुंचे तथा जोर जोर से चिल्‍लाते हुए आवेश में बापू की ओर बढे।

सांसद माडम व एक कार्यकर्ता ने पबुभा को रोका तथा बाहर की ओर ले गये। पूनम माडम ने पबुभा को अपनी सौगंध भी दी जिसके बाद वे शांत हुए। माडम ने बाद में कहा कि भगवान के संबंध में कोई गलत बयानबाजी हो तो भक्‍तों में नाराजगी स्‍वाभाविक है। उधर पबुभा ने कहा कि वे मोरारी बापू से सवाल पूछना चाहते थे कि उन्‍होंने कथा के दौरान जो वक्‍तव्‍य दिया वो किस धार्मिक पुस्‍तक में लिखा है।

इससे पहले गुजरात के कान्‍हा विचार मंच व आहीर समाज ने रामकथा वाचक मोरारी बापू के खिलाफ सोशल मीडिया पर गत कुछ दिनों से एक मुहिम छेड रखी थी। उनका आरोप है कि उत्‍तर प्रदेश की एक कथा में मोरारी बापू ने श्रीकृष्‍ण के वंशजों पर आपत्तिजनक टिप्‍पणी की थी। उनके बडे भाई बलराम व वंशजों को भी शराबी कहा था। मंच की ओर से मोरारी बापू का एक वीडियो भी शेयर किया जा रहा है, इसमें मोरारी बापू किसी संदर्भ को लेकर ऐसा कहते नजर आ रहे हैं।

करीब 12 दिनों से चल रहे इस विवाद से मोरारी बापू काफी व्‍यथित हैं। पहले उन्‍होंने एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर क्रष्‍ण भक्‍तों से क्षमा मांगते हुए कहा है कि समूचा विश्‍व उनका परिवार है। मेरी वजह से किसी को दुख पहुंचे उससे पहले वे समाधि लेना पसंद करेंगे। बापू विडियो में बहुत व्‍यथित नजर आ रहे हैं, उनकी आंखों से आंसू बह रहे हैं। वे कहते हैं कि ये आंसू उनकी आंख से नहीं आत्‍मा से निकल रहे हैं।