आगरा दो साल पहले राजस्व परिषद ने बाह-बटेश्वर को नया जिला बनाने के संबंध में रिपोर्ट मांगी। इसके बाद प्रस्ताव तैयार हुआ लेकिन अब इस प्रस्ताव का पता नहीं। आम आदमी पार्टी (आप) इस मुद्दे को फिर से उठा रही है। किन्हीं कारणों से नये जिले के प्रस्ताव को या तो दबा दिया गया या फिर यह प्रस्ताव ही खो गया।
आप के जिलाध्यक्ष कपिल बाजपेयी का कहना है कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल विहारी वाजपेयी के पैतृक क्षेत्र बाह-बटेश्वर को जिला बनाने की बड़े जोरशोर से तैयारी की गई थी। इसमें बाह, फतेहाबाद और बटेश्वर तीन तहसील बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ। राजस्व परिषद के निर्देश पर तैयार किए गए प्रस्ताव में नए जिले का नाम ‘अटल नगर’ प्रस्तावित किया गया था। बताया जा रहा है कि इटावा की दहेज निवारण एवं समाज कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हर नारायण यादव ने मुख्यमंत्री से अटलजी के पैतृक गांव बटेश्वर को तहसील और बाह को अटल नगर जिला घोषित करने की मांग की थी। इस संबंध में शासन ने राजस्व परिषद से एक अक्तूबर 2018 को रिपोर्ट मांगी थी। प्रस्ताव के अनुसार, इस जिले का क्षेत्रफल 1250 वर्ग किमी रखा गया। आप जिलाध्यक्ष का कहना है कि 25 दिसंबर को उनकी पार्टी के कार्यकर्ता बटेश्वर में एकत्रित होंगे और बाह-बटेश्वर को नया बनाने के प्रस्ताव पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
