Nuh Violence : हरियाणा के नूह में निकाली गई शोभा यात्रा ने पूरे हरियाणा को हिंसा की आग में झोंक दिया है। हर तरफ आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। हिंसा में 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वाले में 2 होमगार्ड और 4 आम नागरिक शामिल हैं। हर तरफ दहशत का माहौल है। राज्य सरकार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई उपद्रियों से करने का एलान किया है।
राज्य में शांति बनी रहे और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को भ्रामक जानकारी न दी जाए इसके लिए नूंह, फरीदाबाद और पलवल जिलों के अधिकार क्षेत्र में और गुरुग्राम जिले के सोहना, पटौदी और मानेसर उप-मंडलों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 5 अगस्त तक निलंबित कर दी गई है। वही जाँच हेतु विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
बता दें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हिंसा को साजिश बताया है। उनका दावा है जल्द ही साजिशकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। हरियाणा हिंसा मामले में 41 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 100 से अधिक लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
