डेस्क। वैसे तो सोशल मीडिया पर काफी कुछ वायरल हुआ करता है। कभी सही, कभी गलत और कई बार सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट भी वायरल होते हैं। इसी कड़ी में बीजेपी नेता संगीत सोम का विवादित फेसबुक पोस्ट काफी चर्चा में है।
इस पोस्ट में उन्होंने ज्ञानवापी मस्जिद पर निशाना साधते हुए लिखा है कि औरंगजेब जैसे लोगों ने मस्जिद बनवा दी। नेता ने आगे इस पोस्ट में 1992 का जिक्र करते हुए 2022 की बात कही है। उनका कहना था कि 92 में बाबरी विध्वंस हुआ। अब बनारस के काशी विश्वनाथ के बगल में बनी ज्ञानवापी मस्जिद की बारी है।
संगीत सोम ने आगे कहा कि बनारस में भगवान काशीनाथ का बहुत ही भव्य मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने मांग की, ज्ञानवापी मस्जिद को ध्वस्त कर भगवान भोलेनाथ का परिवार बसाकर संपूर्ण मंदिर बनाया जाएगा।
बता दें कि नेता महाराणा प्रताप जयंती पर मेरठ में आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए सपा विधायक अतुल प्रधान ने सोम को मर्यादा में रहने के लिए कहा।
यूपी विधानसभा चुनाव में मेरठ की सरधना सीट से संगीत सोम बीजेपी से और अतुल प्रधान समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी थे। अतुल प्रधान ने संगीत सोम को 18 हजार से ज्यादा मतों से हराया भी।
तब बीजेपी के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम ने कहा था कि शपथ के बाद बाबा का बुलडोजर और संगीत सोम का डंडा चलेगा।
