Terror attack : आतंकी ने पुलिसकर्मी को बीच बाजार गोली मार दी, घटना CCTV कैमरे में कैद, वीडियो सोशल मीडिया वायरल

0
11

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में रविवार को एक आतंकी ने पुलिसकर्मी को बीच बाजार गोली मार दी। पुराने श्रीनगर के खानयार इलाके में हुई इस आतंकी घटना में पुलिसकर्मी अर्शीद अहमद मीर की मौत हो गई। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रोबेशनरी सब इंस्पेक्टर अर्शीद अहमद को आतंकी ने पीछे से 2 गोली मारीं। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत श्रीनगर के सौरा इलाके के शेर ए कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (SKIMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना रविवार दोपहर 1.35 बजे हुई। अर्शीद उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के रहने वाले थे। वे खानयार थाने में तैनात थे। पुलिस इस इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके अलावा राजौरी जिले के थानामंडी इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ भी चल रही है।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में 12 अगस्त की रात भाजपा नेता जसबीर सिंह के घर आतंकियों ने ग्रेनेड अटैक किया था। इस हमले में जसबीर और उनके 4 परिजन गंभीर रूप से घायल हुए थे। सबसे दुखद बात ये हुई थी कि इस हमले में 2 साल के वीर सिंह की जान चली गई। वीर जसबीर का भतीजा था। अस्पताल में भर्ती जसबीर काफी देर तक नहीं बताया गया कि वीर अब दुनिया में नहीं है। वीर की मां स्वर्णा देवी सुधबुध खो चुकी थीं, कुछ बोलने की स्थिति में ही नहीं थीं।