डेस्क। वर्तमान में मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पीएम नरेंद्र मोदी से एक बार फिर अग्निपथ योजना को वापस ले लेना का आग्रह किया है। किसान आन्दोलन के समय से ही सत्यपाल मलिक केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते नज़र आते हैं।
सत्यपाल मलिक ने यहां तक कह दिया कि मैं किसी के दबाव में काम नहीं करता और मेरा इस्तीफा मेरी जेब में है बस मैं पीएम मोदी के इशारे का इंतजार कर रहा हूँ।
सत्यपाल मलिक ने एक यूट्यूब समाचार चैनल ‘हरियाणा तक’ से बात करते हुए कहा, “मैंने किसानों को लेकर वो बात कही थी जो केंद्र सरकार के पक्ष में जाती और किसान आन्दोलन भी न होता। 700 किसान मरे हैं और उन्होंने कोई शोक सन्देश भी नहीं भेजा। बस माफ़ी मांग कर बिल वापस ले लिया। मैंने हमेशा इनके पक्ष में ही बोला है और अब भी बोल रहा हूं।”
सत्यपाल मलिक ने अग्निपथ योजना को लेकर कहा कि, “मैं कह रहा हूं जल्दी से बच्चों वाला (अग्निपथ योजना) ठीक करो, ये बिल्कुल सही नहीं है। अगर फौज में असंतुष्ट लड़के जाएंगे तो उनके हाथ में राइफल होगी, उसकी क्या दिशा होगी, पता नहीं किधर चल जाए?
उन्होंने यहां तक कह दिया कि भाजपा की केंद्र सरकार बहुत घमंड में रहती है। हो सकता है इससे कुछ बुरा हो, तब बैकफूट पर वापस आएंगे।”
उन्होंने कहा, “जब मैंने पहली बार इसपर बात की थी, तब से ही मेरी जेब में इस्तीफा पड़ा हुआ है। जिस दिन मोदी जी की तरफ से इशारा मिलेगा उन्हें मुझे हटाना नहीं पड़ेगा। बस पीएम इतना कह दें कि मैं आपके साथ बहुत असहज महसूस कर रहा हूं। मैं उसी दिन अपना पद छोड़ कर चला जाऊंगा।”
