डेस्क। इस साल की सबसे ज्यादा चर्चित एवं विवादित फ़िल्म बन चुकी ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर अब उमर अब्दुल्ला ने भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि विवेक अग्निहोत्री की इस फिल्म में बहुत सारा झूठ दिखाया गया है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगर यह कमर्शल फिल्म होती तो कोई बात नहीं लेकिन फिल्म निर्माता वास्तविकता दिखाने का दावा करते हैं जो कि सरासर गलत है।
उन्होंने कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार को लेकर कहा कि उस समय केंद्र में भाजपा के समर्थन वाली वीपी सिंह की सरकार थी। जब कश्मीरी पंडितों को कश्मीर छोड़ना पड़ा और उस समय वहां राज्यपाल का शासन लागू कर दिया था।
उमर ने आगे कहा कि कश्मीरी पंडित आतंकवाद का शिकार हुए, जिसका सबको दुख है लेकिन मुसलमानों और सिखों को भी बंदूक की नोक पर रखा गया था। उनके बलिदान को भी नहीं भूलना चाहिए।
आपको बता दें कि कश्मीरियों पर हुए अत्याचार के दौरान राज्य में फारूक अब्दुल्ला ही मुख्यमंत्री थे और महबूबा मुफ्ती के पिता मुफ्ती मोहम्मद सैयद केंद्र में गृह मंत्री थे। उस समय केंद्र में वीपी सिंह ने भाजपा और कम्युनिस्ट की मदद से सरकार बनाई थी। कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने आरोप लगाया है कि फिल्म केवल मुस्लिमों के खिलाफ घृणा फैलाने का काम कर रही है। उमर अब्दुल्ला के इन बयानों के बाद से ही वो विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इसी बीच एक यूजर ने ट्वीटर पर लिखा ‘उस समय मुख्यमंत्री आपके अब्बा जान थे क्या?’। उमर अब्दुल्ला पर हुई यह टिप्पणी ट्वीटर पर खुद वायरल हो रही है।
