डेस्क। देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल अब खत्म हो चुका है। वेंकैया नायडू के विदाई समारोह पर बोलते हुए तमाम नेताओं ने उनके कार्यकाल के बारे में और उनसे अपने रिश्तों का जिक्र भी किया लेकिन टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने वेंकैया नायडू की विदाई में कुछ ऐसा बोल दिया कि उपराष्ट्रपति भावुक हो उठे!
डेरेक ओ’ब्रायन ने विदाई समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के बचपन की एक बड़ी घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गांव में एक परिवार था, जिसके पास 8 बैल हुआ करते थे। इनमें से एक बैल एक दिन भड़क गया तो उसने महिला के पेट में सींग से हमला किया। इस दौरान उसकी गोद में एक साल का बच्चा भी था, जिसे वहीं छोड़कर महिला को तुरत अस्पताल ले जाया गया पर उस महिला की वहाँ मौत हो गई।
उन्होंने आगे कहा कि ‘महिला की गोद में जो बच्चा था वो मात्र एक साल के वेंकैया नायडू थे और जिस महिला की मौत हुई वो और कोई नहीं बल्कि उनकी मां थीं।’ अपने बचपन की इस घटना को सुनकर वेंकैया नायडू इस समय काफी भावुक हो उठे और रोने लगे। इसके बाद उन्होंने अपने आंसू पोंछे और खुद को संभालने की कोशिश की।
बता दें कि अपने विदाई कार्यक्रम में बोलते हुए वेंकैया नायडू ने भी एक किस्सा सुनाया। उन्होंने 5 साल पहले पीएम नरेंद्र मोदी के उस फोन कॉल का जिक्र किया जिसमें पार्टी की तरफ से नायडू को उपराष्ट्रपति के लिए चुने जाने की बात कही गई थी। नायडू ने यह भी कहा, ‘जिस दिन पीएम मोदी ने फोन कर बताया कि मुझे उपराष्ट्रपति के लिए चुना जा रहा है, तब मेरी आंखों से आंसू निकल गए। ये आंसू सिर्फ इस बात पर आ रहे थे कि मुझे अपनी पार्टी अब छोड़नी पड़ेगी।’
