कार्तिक ने लेवल-1 के आर्टिकल 2.2 का किया उल्लंघन, उन्होंने अपनी गलती और लीग की तरफ से दी गई सजा को स्वीकार कर लिया

admin
By admin
3 Min Read

नई दिल्ली

आईपीएल 2021 का खिताबी मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (IPL 2021 Final KKR vs CSK) के बीच 15 अक्टूबर को होगा. दूसरे क्वालिफायर में 2 बार की चैम्पियन टीम कोलकाता ने एक रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC vs KKR) को 3 विकेट से हराया. दरअसल, दिल्ली लीग स्टेज खत्म होने के बाद प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर थी. पहले क्वालिफायर में उसका मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से से था. इस मैच में दिल्ली को हार झेलनी पड़ी था. इसके बाद दूसरे क्वालिफायर के जरिए दिल्ली के पास फाइनल में जगह बनाने का एक और मौका था. लेकिन केकेआर ने उसके अरमानों पर पानी फेर दिया. हालांकि, जीत के बाद केकेआर को एक झटका लगा. टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) को मैदान पर अपने बर्ताव के कारण आईपीएल की तरफ से फटकार सुनने को मिली.

आईपीएल ने एक बयान जारी कर बताया कि कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए क्वालिफायर-2 मुकाबले में लीग के कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. कार्तिक ने लेवल-1 के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया है. हालांकि, उन्होंने अपनी गलती और लीग की तरफ से दी गई सजा को स्वीकार कर लिया है. लेवल-1 के नियम का उल्लंघन करने की सूरत में मैच रैफरी का फैसला ही अंतिम होता है. गनीमत यह रही कि कार्तिक को किसी तरह की कड़ी सजी नहीं दी गई. बस, फटकार लगाकर छोड़ दिया.

केकेआर को 136 रन का टारगेट मिला था

इधर, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए दूसरे क्वालिफायर की बात करें, तो दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए थे. दिल्ली के लिए शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 30 रन की पारी खेली थी. उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने भी 30 रन बनाए थे. कोलकाता के लिए वरूण चक्रवर्ती ने 2 विकेट लिए थे.

राहुल त्रिपाठी ने छक्का मारकर केकेआर को जीत दिलाई

जीत के लिए मिले 136 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने शानदार शुरुआत की. वेंकटेश अय्यर (55) और शुभमन गिल (46) ने पहले विकेट के लिए 12.2 ओवर 96 रन जोड़कर टीम की जीत पक्की कर दी थी. पहले 6 ओवर में टीम ने बिना विकेट के 51 रन बना लिए थे. हालांकि, 96 रन के स्कोर पर केकेआर की सलामी जोड़ी टूटने के बाद कोलकाता की पारी थोड़ी लड़खड़ा गई. 34 रन के अंदर 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. लेकिन राहुल त्रिपाठी ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का मार टीम को जीत दिला दी.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *