टोक्यो ओलंपिक 2020 : सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद सोशल मीडिया पर छाईं लवलीना बोरगोहेन

0
6

टोक्यो ओलंपिक 2020 में महिला बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। लवलीना ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में चीनी ताइपै की बॉक्सर नियेन चिन चेन को 4-1 से हराया। इस जीत के साथ ही लवलीना ने टोक्यो ओलंपिक में भारत के दूसरे मेडल पर मुहर लगा दी है। लवलीना अपनी धमाकेदार जीत के बाद सोशल मीडिया पर छा गईं हैं और फैन्स असम की बेटी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वेटलिफ्टिंग में टूर्नामेंट के दूसरे दिन मीराबाई चानू ने देश के लिए सिल्वर मेडल जीता था। 

ओलंपिक खेलों में भारत की तरफ से मेडल लाने वाली लवलीना महज दूसरी महिला बॉक्सर होंगी। उनसे पहले साल 2012 में मैरीकॉम ने लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया था। वहीं, पुरुष बॉक्सिंग में विजेंदर सिंह ने साल 2008 में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। लवलीना वेल्टरवेट कैटेगरी के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में नियेन चिन पर पूरी तरह से हावी नजर आईं और उनको मैच में वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया।

लवलीना का सेमीफाइनल में मुकाबला मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन तुर्की की बुसानेज सुरमेनेली से होगा, जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में अन्ना लिसेंको को मात देकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया है। दो बार विश्व चैम्पियनशिप की ब्रॉन्ज मेडल विजेता लवलीना ने जबरदस्त संयम का प्रदर्शन करते हुए उस विरोधी को हराया जिससे वह पहले हार चुकी हैं। सोशल मीडिया पर लवलीना को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जमकर सराहा जा रहा है। 

आक्रामक शुरूआत के बाद लवलीना ने आखिरी तीन मिनटों में अपना डिफेंस भी नियंत्रित रखा और जवाबी हमलों में भी कोई चूक नहीं की। पिछले साल कोरोना संक्रमण की शिकार हुई लवलीना यूरोप में प्रैक्टिस दौरे पर नहीं जा सकी थी। रैफरी ने जैसे ही विजेता के रूप में उनका हाथ उठाया, वह खुशी के मारे जोर से चीख पड़ी। इससे पहले सिमरनजीत कौर (60 किलो) ओलंपिक खेलों में डेब्यू के साथ ही प्री क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की सुदापोर्न सीसोंदी से हारकर बाहर हो गईं।