चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने गुरुवार को सदन को अधीन सेवाएं चयन बोर्ड का पूर्व मेंबर और सीनियर अकाली नेता अनवर मसीह के घर से बड़ी मात्रा में बरामद हुई नशे की खेप के संदर्भ में मामले की विस्तृत जांच करवाने का भरोसा दिया। उन्होंने विधानसभा में कहा कि सदन के सदस्यों द्वारा ड्रग नेटवर्क से सम्बन्धित दिखाए या पेश किये गए दस्तावेज़/ सामग्री को जांच के लिए एस.टी.एफ. के पास भेजा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने यह बात गुरुवार को बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा में कुलबीर सिंह ज़ीरा और कुलतार सिंह संधवा समेत विभिन्न विधायकों द्वारा ज़ाहिर की गई चिंता के जवाब में कही। मुख्यमंत्री ने सदन को विश्वास दिलाया कि इस सम्बन्धी विस्तार में जांच करवा कर रिपोर्ट सक्षम अथॉरिटी को सौंपी जायेगी।
एस.टी.एफ. ने मसीह को बीते दिन गिरफ़्तार कर लिया था। बीते महीने अमृतसर के सरहदी क्षेत्र में स्थित गांव सुल्तानविंड में मसीह की मलकीयत वाले घर में से नशे की बड़ी खेप बरामद हुई थी और वह घर को किराये पर देने संबंधी कोई भी सबूत पेश नहीं कर सका।
कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने स्पष्ट किया कि ड्रग रैकेट में शामिल किसी भी संदिग्ध के संबंधों का पता लगाने के लिए तह तक जांच की जायेगी। उन्होंने कहा कि समूचे नेटवर्क की परतें खोली जाएंगी, जिससे यह यकीनी बनाया जा सके कि नशों के धंधो में शामिल लोगों को काबू करके कानून के मुताबिक कार्यवाही की जा सके।
