गाजियाबाद। जहां एक ओर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ की मुहिम चलाए हुए हैं। वहीं, गाजियाबाद भी इससे अछूता नही है। गाजियाबाद के सीडीओ ने 10 स्कूली छात्राओं को चयनित किया है जोकि एक दिन के लिए आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, जज आदि के साथ रहेंगी। ये छात्राएं भविष्य में जो बनना चाहती हैं, उन्हीं के हिसाब से उन अधिकारियों के साथ अपना एक दिन बिताएंगी। इसी क्रम में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली साक्षी मंगलवार को दो घंटे के लिए जिलाधिकारी बनीं।
बता दें कि साक्षी का सपना है कि वो बड़ी होकर आईएएस बने। मंगलवार को साक्षी जिलाधिकारी के साथ पूरा दिन बिताने के लिए आई थी, मगर जैसे ही वो जिलाधिकारी के दफ्तर पहुंची डीएम अजय शंकर पांडेय ने उन्हें 2 घंटे के लिए अपना प्रभार दे दिया। जिसके बाद साक्षी ने लोगों की समस्याओं को सुना। वहीं दूसरी ओर सीडीओ दफ्तर में सना ने सीडीओ के साथ समय बिताया। इनका सपना भी आईएएस बनने का है।
इसके अलावा दो छात्राएं एसएसपी दफ्तर पहुंची, जहां एसपी ग्रामीण नीरज कुमार जादौन ने उन्हें बताया कि किस तरह पुलिस काम करती हैं। ये तमाम छात्राये भी अपने भविष्य को लेकर साथ ही गाजियाबाद प्रशाशन की इस पहल को लेकर खासी उत्साहित हैं।
बेशक की हम 21वी सदी में रहने का दम भरते हैं मगर आज भी महिलाओं, बच्चियों युवतियों के साथ भेदभाव देखने को मिल ही जाता है। ऐसे में गाजियाबाद प्रशासन की ये पहल वास्तव में एक मिसाल पैदा करती है।
