बीजेपी मीडिया प्रभारी के ज्ञान पर कांग्रेस ने उठाया सवाल…

admin
By admin
3 Min Read

[object Promise]

देहरादून। कांग्रेस ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी डॉ देवेंद्र भसीन के ट्वीट में टिहरी में गाजा पट्टी का उल्लेख करने पर उन्हें निशाने पर लिया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने जवाबी ट्वीट में इतिहास के प्रोफेसर रहे डॉ देवेंद्र भसीन के ज्ञान पर सवाल खड़े कर दिए।

डॉ भसीन ने ट्वीट कर कहा था कि राज्य स्थापना दिवस पर सरकार द्वारा प्रदेश को दिए जा रहे तोहफों में देश का सबसे लंबा झूला पुल डोबरा-चांठी शामिल है, जिसका मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत आठ नवंबर को लोकार्पण करेंगे। टिहरी झील पर बने इस पुल का लाभ प्रतापनगर व गाजा पट्टी के लोगों को मिलेगा जो 14 वर्ष से प्रतीक्षा में हैं। टिहरी जिले में गजा पट्टी को गाजा बताए जाने पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धस्माना ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि मध्यकालीन इतिहास के प्रोफेसर के रूप में आपने विद्यार्थियों को क्या पढ़ाया होगा, भगवान राम ही मालिक है। टिहरी में गाजा पट्टी कहां है, इस बारे में बताएं।

बहुगुणा के खिलाफ टिप्पणी का मामला तूल पकड़ा

भाजपा की एक महिला पदाधिकारी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के खिलाफ की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी का मसला तूल पकड़ गया है। सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि बहुगुणा पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी को किसी भी दशा में जायज नहीं ठहराया जा सकता। सांसद भट्ट ने कहा कि यह प्रकरण प्रदेश भाजपा नेतृत्व के संज्ञान में है और जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा। उधर, सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि अशोभनीय टिप्पणी का मामला प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के संज्ञान में आ गया है। इसे प्रदेश अध्यक्ष ही देखेंगे।

भाजपा के 149 मंडलों में 13 हजार को देंगे प्रशिक्षण

भाजपा के मंडल प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा चरण शुक्रवार से शुरू हो गया, जो 12 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान पार्टी की 149 मंडल इकाइयों के 13000 कार्यकर्त्‍ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार और प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख ज्योति गैरोला ने अलग-अलग मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत की।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.देवेंद्र भसीन ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम चरण में चार नवंबर तक 103 मंडलों में 7000 कार्यकर्त्‍ताओं को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि मंडल प्रशिक्षण वर्ग को लेकर पार्टीजनों में जबर्दस्त उत्साह है। इससे साफ है कि प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्त्‍ता दल के प्रति पूरी तरह निष्ठावान और समर्पित हैं। प्रशिक्षित कार्यकर्त्‍ता अब शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक पार्टी की रीति-नीति को ले जाने के साथ ही जनसामान्य तक भी पहुंचाएंगे।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *