Contents
Rajasthan News जयपुर । राजधानी जयपुर में सड़कों पर खड़े होकर ट्रैफिक संभाल रहे पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की दो घटनाएं सामने आई हैं। ये दोनों घटनाएं महज 24 घंटे के अंदर हुई हैं। पहली घटना बुधवार 18 मई की दोपहर की है। रामबाग चौराहे पर एक लग्जरी कार ने लाल बत्ती पार कर दी। पुलिसकर्मी जब कार रोकने पहुंचे तो कार सवार युवकों ने उनके साथ मारपीट की और वर्दी फाड़ दी।
दूसरी घटना झोटवाड़ा के कांता चौराहे पर बुधवार आधी रात को हुई, जहां नाकाबंदी में खड़े पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दोनों ही मामलों में पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। आधा दर्जन युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और मारपीट की दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं।
आधे घंटे तक चौराहे पर पुलिसकर्मियों के साथ हंगामा
बुधवार दोपहर राजधानी के सबसे वीवीआईपी चौराहे पर एक लग्जरी कार ने लाल बत्ती क्रॉस करदी। ट्रैफिक पुलिसकर्मी गाड़ी रोकने दौड़ा तो चालक ने बीच चौराहे पर कार रोक दी और पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं कार में सवार युवकों ने अपने साथियों को फोन पर भी बुलाया और बीच चौराहे पर खड़े ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गालियां देकर पीटना शुरू कर दिया।
इसी दौरान कार चालक ने एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को अपनी कार से कुचलने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर गांधी नगर थाने ले गए। उन्हें सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
नाकाबंदी में खड़े पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार ने मार दी टक्कर
बुधवार आधी रात को झोटवाड़ा क्षेत्र के कांता चौराहे पर कुछ पुलिसकर्मी नाकाबंदी में खड़े थे। सड़क पर बेरिकेड्स लगे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने बैरिकेड तोड़कर पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसा रात करीब एक बजे हुआ। हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एक पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
