नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के हिस्सों को फूंक डाले जाने की जांच अब दिल्ली पुलिस अपराध शाखा करेगी। इसके लिए गुरुवार को बाकायदा दिल्ली पुलिस मुख्यालय ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित कर दी। एसआईटी में दिल्ली पुलिस अपराध शाखा में तैनात आठ दबंग एसीपी शामिल किए गए हैं।
एसआईटी में शामिल ये सभी आठ एसीपी अपराध शाखा के डीसीपी ज्वॉय टिर्की और राजेश देव को रिपोर्ट करेंगे। जबकि एसआईटी का नेतृत्व दिल्ली पुलिस अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी के कंधों पर होगा। गुरुवार को आईएएनएस को यह जानकारी दिल्ली पुलिस मुख्यालय की सहायक पुलिस आयुक्त ऋतंभरा प्रकाश द्वारा जारी आदेश से मिली। आदेश में कहा गया है कि गठित एसआईटी को दो हिस्सों में रखा गया है। इन दोनों हिस्सों में 4-4 एसीपी रखे गए हैं।
एसआईटी की टीम ए में अनिल दुरेजा, अरविंद कुमार, राज कुमार ओझा, पंकज सिंह, टीम बी में मनोज, उदयवीर सिंह, संदीप लांबा, अरविंद कुमार (सभी सहायक पुलिस आयुक्त) को रखा गया है। हर एसीपी को तीन इंस्पेक्टर, 4 सब इंस्पेक्टर तीन हवलार-सिपाही मुहैया कराये गए हैं। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर पूर्वी जिले में बीते तीन दिन में घटी तमाम घटनाओं की जांच के लिए दर्ज सभी एफआईआर अपराध शाखा के हवाले कर दी जाएं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने गुरुवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली में रहने वाले 10वीं और 12वीं के उन सभी छात्रों को आश्वस्त करते हुए उन्हें चिंता नहीं करने के लिए कहा जो क्षेत्र में हिंसा के कारण परीक्षा नहीं दे पाए हैं। उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के कारण सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की बुधवार को होने वाली गणित तथा 12वीं की गुरुवार को होने वाले अंग्रेजी की परीक्षा स्थगित कर दी। सीबीएसई ने कहा कि वह परीक्षा की नई तिथियों की घोषणा जल्द करेगी।
यह निर्णय दिल्ली में मौजूदा बिगड़ी कानून व्यवस्था को देखते हुए लिया गया। दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग ने परीक्षा कार्यक्रम दोबारा तय करने का आग्रह किया है। सीबीएसई के चेयरमैन अनुराग त्रिपाठी द्वारा हस्ताक्षरित सर्कुलर में कहा गया कि जो छात्र-छात्राएं परीक्षा नहीं दे पाए हैं, सीबीएसई उनकी चिंता दूर करने में सहायता करेगी।

