DELHI ASSEMBLY ELECTION : पिछली बार AAP ने लगाई थी बल्लीमारान में कांग्रेस के गढ़ में सेंध

admin
By admin
3 Min Read

[object Promise]

नई दिल्ली। बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र साल 1993 में अस्तित्व में आया और तब से लेकर वर्ष 2015 तक यह कांग्रेस का गढ़ रहा। मगर राजनीति में कब क्या हो जाए, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। इस निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हारून यूसुफ लगातार पांच बार विधायक रहे, मगर 2015 में नवगठित आम आदमी पार्टी (आप) ने उनके विजयी रथ को रोक दिया।

मुस्लिम बहुल क्षेत्र बल्लीमारान में यूसुफ ने 1993, 1998, 2003, 2008 और 2013 में लगातार पांच बार जीत हासिल की थी। मगर उन्हें 2015 के विधानसभा चुनावों में आप के इमरान हुसैन ने करारी शिकस्त दी। हुसैन ने कांग्रेस के गढ़ में 59.71 फीसदी मतों के साथ जीत दर्ज की, जबकि यूसुफ तीसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार श्यामलाल मोरवाल दूसरे स्थान पर रहे थे।

दिल्ली के कुल 70 विधानसभा क्षेत्रों में से एक बल्लीमारान चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र का एक हिस्सा है। इस निर्वाचन क्षेत्र में 63,358 महिलाओं सहित कुल 1,40,968 मतदाता हैं। क्षेत्र का लिंगानुपात 817 है, जोकि दिल्ली के औसत लिंग अनुपात 824 से कम है। यहां पर आप और कांग्रेस दोनों के बीच एक अहम मुकाबला देखने को मिलेगा।

आप ने यहां से अपने मौजूदा विधायक हुसैन और कांग्रेस ने हारून यूसुफ को फिर से मैदान में उतारा है। भाजपा की वरिष्ठ नेता लता सोढ़ी भी मैदान में रहेंगी। यह सीट भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पार्टी ने यहां से कभी भी जीत हासिल नहीं की है। दिल्ली में मतदान 8 फरवरी को होगा, नतीजे 11 फरवरी को आएंगे।

दिल्ली सरकार के 3 मंत्रियों ने नामांकन दाखिल किया

दिल्ली सरकार के तीन मंत्रियों गोपाल राय, इमरान हुसैन और राजेंद्र पाल गौतम ने विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार के रूप में शनिवार को अपने नामांकन दाखिल किए। गोपाल राय ने बाबरपुर सीट से नामांकन दाखिल किया, तो वहीं पाल ने सीमापुरी से पर्चा दाखिल किया। इमरान हुसैन ने बल्लीमारान सीट से नामांकन किया। इसके अलावा आप के राघव चड्ढा ने भी राजेंद्र नगर सीट से नामांकन दाखिल किया।

कई अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों ने भी शनिवार को नामांकन दाखिल किए। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन मंगलवार से शुरू हुए। नामांकन की अंतिम तिथि 21 जनवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 22 जनवरी को होगी, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 24 जनवरी है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *