Gaza Peace Plan: ग़ज़ा शांति योजना के तहत हमास के हथियार छोड़ने की सहमति पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने स्वागत किया है। उन्होंने मध्यस्थ देशों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल की सराहना करते हुए स्वतंत्र फ़लस्तीन की मांग दोहराई।
इस्लामाबाद: ग़ज़ा में संघर्ष समाप्त करने की दिशा में चल रही शांति प्रक्रिया के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल वाली शांति योजना का स्वागत किया है। यह प्रतिक्रिया उस समय आई है जब हमास ने कुछ शर्तों के साथ हथियार छोड़ने के प्रस्ताव पर सहमति जताई है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट करते हुए शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान ग़ज़ा शांति योजना के तहत हथियार छोड़ने की प्रक्रिया में हुई प्रगति का स्वागत करता है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका, मिस्र, क़तर और तुर्की समेत मध्यस्थ देशों ने इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनके प्रयास सराहनीय हैं। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व को भी इस प्रक्रिया की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
स्वतंत्र फ़लस्तीन की दोहराई मांग
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान को उम्मीद है कि यह प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप आगे बढ़ेगी। उन्होंने दोहराया कि 1967 से पहले की सीमाओं के आधार पर एक स्वतंत्र और संप्रभु फ़लस्तीन की स्थापना होनी चाहिए, जिसकी राजधानी अल-क़ुद्स अल-शरीफ़ (यरुशलम) हो।
हमास ने क्या कहा?
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उनके ‘बोर्ड ऑफ़ पीस’ ने ग़ज़ा में हमास और अन्य सशस्त्र समूहों के साथ ऐसा समझौता किया है, जिसके तहत वे हथियार डालने के लिए तैयार हो गए हैं।
वहीं, हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने BBC से बातचीत में पुष्टि की कि संगठन ने ग़ज़ा में पूरी तरह हथियार छोड़ने के ‘बोर्ड ऑफ़ पीस’ के प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की है। हालांकि, इस प्रस्ताव के सभी विवरण और इसके क्रियान्वयन की समय-सीमा को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।













