Independence Day: लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की गैर-मौजूदगी पर BJP के सवालों का पवन खेड़ा ने जवाब दिया। जानें कांग्रेस नेता ने क्या कहा।
नई दिल्ली: लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की गैर-मौजूदगी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी की ओर से इसे स्वतंत्रता दिवस समारोह का अपमान बताए जाने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पलटवार किया है।
एक पत्रकार ने पवन खेड़ा से सवाल किया कि बीजेपी कांग्रेस नेताओं की समारोह से गैर-मौजूदगी को स्वतंत्रता दिवस समारोह का अपमान बता रही है। इस पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हर चीज में अपमान नजर आता है।
पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए कहा, “जिन्होंने आजादी की लड़ाई या स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया, स्वतंत्रता दिवस पर कौन नहीं गया, इसमें उन्हें अपमान नजर आ रहा है, कमाल है भाई।”
पिछले साल भी समारोह में नहीं पहुंचे थे राहुल और खड़गे
दरअसल, शनिवार को लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल नहीं हुए। पिछले साल भी दोनों नेता स्वतंत्रता दिवस समारोह में नजर नहीं आए थे।
हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी साल 2024 में शामिल हुए थे। उस दौरान लाल किले पर उनकी सीट को लेकर भी काफी राजनीतिक चर्चा हुई थी।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की इस साल की गैर-मौजूदगी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने जहां बीजेपी के आरोपों पर सवाल उठाए हैं, वहीं बीजेपी की ओर से इसे लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा जा रहा है।











