Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महंगाई, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, अयोध्या मंदिर चढ़ावा, सनातन धर्म और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी नेताओं के बीच यह सहमति बनी है कि गठबंधन को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जा सके।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की विकास परियोजनाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि “पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आप चलेंगे तो झूले की तरह झूलते हुए जाएंगे।” उनका आरोप था कि सरकार विकास के नाम पर केवल प्रचार कर रही है।
महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि “आजादी के बाद इतना महंगा डीजल-पेट्रोल कभी नहीं बिका होगा। लोगों ने गैस सिलेंडर को चूल्हा बना दिया है, यह भी आजादी के बाद पहली बार हुआ होगा।”
सनातन धर्म को लेकर उन्होंने कहा कि “सनातन धर्म हमें जोड़ता है, प्रेम और भाईचारे का रास्ता दिखाता है। सनातन सत्य का मार्ग है, लेकिन सरकार के मुखिया सत्य का रास्ता नहीं अपनाते।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “हमारे मुख्यमंत्री जी भी अजीब हैं, उन्हें लव से प्यार नहीं, लैंड से प्यार है। गोरखपुर में पता कर लीजिए, सबसे ज्यादा रजिस्ट्रियां किसकी हुई हैं।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि “पूरी सरकार फर्जी मुकदमे दर्ज कराने, लोगों को फर्जी मामलों में फंसाने, झूठ बोलने और फर्जी आंकड़े दिखाने के सहारे चल रही है।”
अयोध्या मंदिर के चढ़ावे को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार पूरी पारदर्शिता से काम करती और निगरानी व्यवस्था मजबूत होती, तो शिकायतों की नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि “चढ़ावे में चोरी होगी तो शिकायत भी होगी।”
अखिलेश यादव के इन बयानों के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।








