Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। कई आफ्टरशॉक्स के बाद सुनामी चेतावनी भी जारी की गई थी।
जकार्ता: इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में शनिवार तड़के आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। ईस्ट नुसा तेंगारा प्रांत के गवर्नर इमैनुएल मेल्कियादेस लाका लेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भूकंप के दौरान इमारतों का मलबा गिरने से लोग अपने घरों में सोते समय दब गए।
भूकंप के बाद इलाके में कई तेज झटके महसूस किए गए। क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं।
तीन घंटे बाद हटाई गई सुनामी चेतावनी
शक्तिशाली भूकंप के बाद संभावित सुनामी के खतरे को देखते हुए चेतावनी जारी की गई थी। हालांकि, करीब तीन घंटे बाद सुनामी चेतावनी को हटा लिया गया। प्रशासन और राहत एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार शनिवार सुबह करीब 5 बजे फ्लोरेस द्वीप के पास आया। इसकी गहराई करीब 15 किलोमीटर बताई गई है। भूकंप का केंद्र बाली से लगभग 600 मील यानी करीब 1,000 किलोमीटर दूर था।
6.1 तीव्रता का आफ्टरशॉक भी आया
मुख्य भूकंप के बाद कई तेज आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए। इनमें एक आफ्टरशॉक की तीव्रता 6.1 बताई गई। लगातार झटकों के कारण लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। राहत और बचाव टीमें प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं।












