Guinea Conakry Landslide: गिनी की राजधानी कोनाक्री में भारी बारिश के बाद कचरे का विशाल ढेर ढहकर आसपास के घरों पर जा गिरा। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा स्थानीय समयानुसार रात करीब 2 बजे डार-एस-सलाम इलाके में हुआ। गिनी सरकार के मुताबिक, भारी बारिश के बाद कचरे का ढेर अचानक ढह गया और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
राहत और बचाव अभियान के लिए सेना समेत बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे के नीचे और भी लोग दबे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
घटनास्थल का दौरा कर गिनी के प्रधानमंत्री अमादौ ओउरी बा ने हालात का जायज़ा लिया। एक स्थानीय महिला ने बताया कि इस हादसे में उसके पांच बच्चों की मौत हो गई।










